रोज रात में पिस्तौल दिखा करता था दुष्कर्म, प्रेग्नेंट हो गयी तो दी गालियां
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थानाक्षेत्र में एक लड़की से एक युवक ने पिस्तौल का भय दिखाकर लगातार दुष्कर्म किया और अब जब वह गर्भवती हो गई है तो उसके माता-पिता के साथ उसे गाली दे रहा।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। जब मां सो जाती तो उसके घर का दरवाजा बंद कर दूसरे कमरे में सो रही लड़की के कमरे में घुस जाता था और हथियार का बल दिखाकर उसका मुंह बंद कर रोज रात उसके साथ दुष्कर्म कर भाग जाता था। जाते समय धमकी दे जाता था कि किसी को बताया तो जान ले लेंगे।
रोज रात गांव का ही एक युवक महादलित लड़की के साथ हथियार के बल पर दुष्कर्म करने व ब्लैक मेल व धमकी देकर निरंतर दुष्कर्म करता रहा। युवती के गर्भवती होने पर शादी से दूर, उल्टे पीडि़ता व उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
घटना मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र की है जहां पीडि़ता ने थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के मुताबिक सिकंदर सहनी के पुत्र भाग्यनारायण सहनी ने पांच जुलाई 2016 की रात पीडि़ता के घर में घुसकर पिस्तौल के बल पर दुष्कर्म किया।
शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। इसलिए घटना की जानकारी मां को भी नहीं दी। इधर, आरोपी के हौसले बुलंद हो गए व वह अक्सर मौका पाकर पीडि़ता से दुष्कर्म करता रहा। पीडि़ता अब गर्भवती है। मामले की जानकारी होते ही लड़की की मां ने दूसरे प्रदेश में काम कर रहे पति को सूचना दी।
पीडि़ता के पिता ने आरोपी के घर जाकर सिकंदर सहनी से बात की तो भाग्यनारायण, सिकंदर, मिथिलेश देवी आपे से बाहर हो मारपीट पर उतारू हो गए। गाली गलौज करते हुए अपने घर पर से खदेड़ दिया। तब पीडि़ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्राथमिकी में भाग्यनारायण सहनी, सिकंदर सहनी व मिथिलेश देवी को अभियुक्त बनाया गया है। थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। ब्लैकमेल कर पीडि़ता से दुष्कर्म किया गया। वह फिलहाल सात माह की गर्भवती है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।