वादे हैं वादों का क्या …….
एक बड़ा मशहूर शेर है ,” तेरे वादे पर जिए तो ये जान झूठ जाना , कि ख़ुशी से मर न जाते अगर ऐतबार होता “| चुनाव का मौसम आया नहीं कि एक से बढ़कर एक लुभावने और सुहाने सपने –वादे | कभी न पूरे होने वाले वादे | जो ७० साल में नहीं हुआ उसे छह महीने में पूरा करने का वादा | समझ में नहीं आता की ये राजनितिक पार्टियाँ जनता को बेवकूफ ही समझती रहेंगी या फिर उनसे कभी न पूरे करने वाले वादों की झड़ी बेशर्मी के साथ यूँ ही लगाती रहेंगी |
आइये आपको इसकी एक नयी मिसाल देता हूँ जिससे आप अंदाजा लगा सकेंगे की हमारे आदरणीय नेता हमें बेवकूफों की किस श्रेणी में रखते है | फ़रवरी में पंजाब में भी चुनाव होना है और उसका बड़ा ही लुभावना घोषणा पत्र दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने ज़ारी किया है | अजी , घोषणापत्र क्या है बस यूँ समझ लीजिये पंजाब वासियों के लिए सुनहरे सपनो का पुलिंदा | आइये , आप भी नज़र डाल लीजिये ताकि आपको भी तसल्ली हो जाये की पंजाब के लोग अब सिर्फ छ: महीनो के लिए कष्ट में हैं फिर तो बल्ले-बल्ले | देखिये उन घोषणाओं को —–१..किसानो के सभी क़र्ज़ माफ़ | २..मुफ्त बिजली | ३..हर घर से एक व्यक्ति को नौकरी |४..पंजाब के सभी युवाओं को स्मार्ट मोबाइल फ़ोन |५.. आत्महत्या करने वाले किसानो को १० लाख का मुआवजा | ६.. बेरोजगारों को हर महीने २५०० रूपये | ७..बेघरों को मुफ्त मकान | ८.. लड़कियों को कक्षा एक से पी एच डी तक मुफ्त शिक्षा | ९..छ: महीने में पूरा पंजाब नशा और अपराधमुक्त |
लो जी आ गए पंजाब के सुनहरे दिन | सब कुछ कांग्रेस सरकार ही कर देगी यदि आपने उसे सत्ता सौंप दी | अब इन कांग्रेसियों को कैसे याद दिलाया जाए कि पंजाब और पुरे देश पर इन्होने ६० साल से उपर हुकूमत की है | उस दौरान भी ऐसे ही तमाम वादों की झड़ी लगाती रही है ये पार्टी | अगर उन वादों में से आधे भी पूरे हो जाते तो आज दिखाए जाने वाले सपनो की लिस्ट थोड़ी छोटी तो जरूर हो जाती | बहरहाल, जनता अब इन घोषणाओं की हकीकत से वाकिफ हो चुकी है | इन्तजार कीजिए, लगभग ऐसे ही वादों की झड़ी अभी और भी पार्टियाँ लगाने वाली हैं | इन्हें तो शर्म आने वाली नहीं पर आप अपना वोट सोच समझ कर ही डालियेगा और हाँ जरूर डालियेगा | जांच-परख कर और पूरी तरह ठोंक – बजाकर |