कोसी प्रमंडल

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के IT सेल कर्मी की गोली मारकर हत्या

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के आई टी सेल के एक कर्मी की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी गई है। पटना के मनेर में रविवार की देर रात अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उन्हें गोली मार दी। बाइक सवार बदमाशों ने उससे लैपटॉप, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट लिया। मनेर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान 18 वर्षीय कुन्दन आर्य के रूप में की गयी है। कुन्दन उपेंद्र कुशवाहा की बिहार यात्रा में शामिल थे और रविवार की रात को अपने गांव जा रहे थे। रालोमो अध्यक्ष कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश से इस मामले में संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने बिहार की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक कुन्दन आर्य उर्फ कुन्दन साव मनेर नगर पार्षद अभिषेक राज उर्फ बबलू का भतीजा था। रविवार की रात को अपने ऑफिस से अपने गांव महिनावां जा रहे थे। रास्ते में एन एच 30 पर श्रीनगर के पास बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से हथियार दिखाकर उसे रोका और गाड़ी मोबाइल छीनने लगे। कुन्दन ने अपराधियों का डटकर सामना किया। इस पर एक अपराधी ने पिस्तौल निकाल लिया और अंधाधूंध फायरिंग करते हुए उसे गोली मार दी। घायल कुन्दन मदद के लिए छटपटाने लगा तो स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल भेजा जहां से पटना रेफर कर दिया गया। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

उपेंद्र कुशवाहा ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर भावुक पोस्ट किया है। उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा है- “मेरी पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा के आई टी सेल में कार्यरत मात्र 18 वर्षीय नवजवान कुंदन आर्य, जो कल 10 बजे रात तक बिहार यात्रा में मेरे साथ शामिल था, को मनेर के पास अपने गांव जाते वक्त रात के लगभग 11.30 बजे अपराधियों ने गोली मारी दी। अभी थोड़ी देर पहले ही पटना के पारस अस्पताल में उनकी दुखद मौत हो गई। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को दुख सहने की ताकत दें। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विशेष आग्रह है कि घटना का स्वयं संज्ञान लें। ताकि अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।”

बीजेपी ने निखिल आनंद ने भी इस घटना पर दुख जताते जताते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण एवं दु:खद घटना है। बिहटा एवं मनेर क्षेत्र में समय के अंतराल पर ऐसी घटनाएं लगातार हो रही है, जिस पर सख्ती से लगाम लगाना जरूरी है। पटना के एसएसपी एवं पटना पश्चिम एसपी इस घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मनेर के महिनावां निवासी कुंदन आर्य उर्फ कुंदन साव की हत्या घोर निंदनीय है। समाज ने एक होनहार, संघर्षशील एवं शिक्षित युवक को खो दिया है। भाई कुंदन के परिवारजनों के साथ पूरी संवेदना है और इस दुख की घड़ी में हम सभी परिवार के साथ है। बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी, उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी एवं श्री विजय कुमार सिन्हा जी, बिहार के डीजीपी से अपील है की कुंदन की हत्या करने वाले अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और उच्च स्तरीय जांच एवं स्पीडी ट्रायल कराकर सख्त सजा दी जाय। उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार यात्रा के सातवें चरण की शुरुआत 5 दिसम्बर को मोतिहारी से किया। उसके बाद 6 दिसम्बर को बेतिया, सात दिसम्बर को गोपालगंज और 8 दिसम्बर को सीवान में उपेंद्र कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सीवान से वे पटना लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Prove your humanity: 7   +   8   =