137-सालों-में-सबसे-गर्म-महीना
मई का महीना चल रहा है और गर्मी अपने चरम पर है। लगातार बढ़ रही तपिश एक के बाद एक कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है। अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा के मुताबिक इस साल अप्रैल महीना पिछले 137 सालों में दूसरा सबसे गर्म महीना था। नासा ने वैश्विक तापमान के आधुनिक रिकॉर्ड के आधार पर यह जानकारी दी है।
1951 से 1980 के बीच अप्रैल के औसत तापमान से पिछले महीने का तापमान 0.88 डिग्री अधिक था। जबकि 2016 में अप्रैल का तापमान इस औसत से 1.06 डिग्री ज्यादा था। इससे पहले 2010 में अप्रैल महीने का तापमान उक्त औसत से 0.87 डिग्री अधिक रहा था।
नासा के गोडार्ड इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस स्टडीज (जीआइएसएस) में दुनियाभर के 6,300 मौसम विज्ञान केंद्रों, समुद्री सतह का तापमान मापने वाले जहाजों पर स्थित उपकरणों और अंटार्कटिक शोध केंद्रों से आंकड़ों को इकट्ठा किया जाता है और फिर अनुसंधानकर्ता उनका माहवार विश्लेषण करते हैं। वैश्विक तापमान का आधुनिक तरीके से रिकॉर्ड रखने का कार्य 1880 में शुरू किया गया था क्योंकि इससे पहले पूरी दुनिया के आंकड़े प्राप्त नहीं हो पाते थे।